जौनपुर में सूने मकान में लाखों की चोरी
जौनपुर ,22 फरवरी (हि.स.)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र की चंद्रिका सिंह कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे। कमराें में रखी कई अलमरियाें को तोड़ डाला। उन्होंने अलमारी के लॉकर से सात हजार रुपये नगद सहित लगभग दो लाख रुपये के गहने चुरा लिए। रविवार सुबह पीड़ित ने चाेरी की तहरीर पुलिस काे दी है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि जिस मकान में चाेरी हुई है वह उमेश मिश्रा का है। उनका परिवार पिछले कुछ दिनों से गांव में रह रहा था। मकान पर उनका पुत्र रहता था, जो शनिवार शाम छह बजे गांव चला गया। रात नौ बजे जब उमेश पत्नी के साथ मकान पर पहुंचे, तो उन्होंने चोरी का पता चला।
पीड़ित ने घटना की सूचना सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता को दी। उन्होंने तत्काल टीडी कॉलेज चौकी प्रभारी अरविंद यादव को मौके पर भेजा। पुलिस ने रात से ही कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे में देखने से पता चला है कि ढाई घंटे तक घर में किसी की मौजूदगी न होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और बारी-बारी से सभी कमरों की अलमारियों व लॉकर को तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला। उमेश मिश्रा ने बताया कि चोर एक सोने की चेन, चांदी का प्लेट, नारियल, सुपारी, पायल सहित कुछ अन्य गहने और सात हजार रुपये नगद ले गए।
पिछले वर्ष 14 नवंबर की रात को भी इसी कॉलोनी के नरेंद्र बहादुर सिंह के आवास पर सात लाख रुपये के गहनों की चोरी हुई थी। इसके अलावा, कॉलोनी में अखिलेश सिंह की बाइक सहित कई अन्य चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। इन घटनाओं से कॉलोनी के निवासियों में दहशत व्याप्त है। इस मामले में रविवार को जानकारी लेने पर सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है और जल्द ही इस घटना का खुलासा हो जाएगा।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

