खाली घर में लाखों की चोरी से सनसनी
सिलीगुड़ी, 13 जुलाई (हि. स.)। दार्जिलिंग जिले के नक्सलबाड़ी के बाबूपाड़ा इलाके में एक खाली घर में बड़ी चोरी की घटना सोमवार दोपहर को सामने आई है। बदमाश घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और पुरस्कार प्राप्त लॉटरी टिकट चोरी कर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घर के मालिक तपन घोष पिछले दो दिनों से घर से बाहर है। सोमवार दोपहर को घर का दरवाजा खुला देखकर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना तपन घोष के बड़े भाई को दी। जब परिवार के सदस्य घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी तोड़कर उसमें रखे करीब लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोर चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार ने इस संबंध में सोमवार को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार का दावा है कि रविवार देर रात बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

