मप्र के कटनी जिले में ज्वेलरी शोरूम में 12 करोड़ की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर
- दिवाली के लिए शोरूम में रखा गया था अतिरिक्त स्टॉक, डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियों को बनाया निशाना
भोपाल/कटनी, 12 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरगवां इलाके में एलआईसी कार्यालय के पास स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर सोने व हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे शोरूम संचालक मोहन बजाज जब दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और डिस्प्ले काउंटर व तिजोरियां खाली थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
शोरूम संचालक ने बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए दुकान में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ज्वेलरी का स्टॉक रखा गया था। चोर इसी अतिरिक्त स्टॉक सहित करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के आभूषण ले गए हैं। चोरी की बड़ी रकम को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर उन्होंने बताया कि चोरी 12 नवंबर की सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच होने की आशंका है। चोरों ने शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाई और भीतर पहुंचकर सेफ व डिस्प्ले काउंटरों में रखे आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
इसके अलावा आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। पुलिस इन फुटेज के जरिए चोरों के शोरूम तक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

