जांजगीर-चांपा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवर, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर आज जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात 9 नवंबर 2026 की रात की है। किशुन चंद्रभाष के सूने मकान को निशाना बनाकर आरोपितों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अलमारी में रखे 2,500 रुपये नकद और करीब 115 ग्राम वजनी चांदी के जेवर चोरी कर आरोपित भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बम्हनीडीह पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू कुमार साहू (25 वर्ष) और रितेश कुमार पटेल (26 वर्ष), निवासी कपिस्दा, थाना बम्हनीडीह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने पाना और पेचकस की मदद से दरवाजे की कुंडी काटकर मकान के दो अलग-अलग कमरों में रखी अलमारियों से नकदी और चांदी के जेवर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपितों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवर, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए पाना व पेचकस बरामद किए हैं। घटना स्थल पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल क्रमांक TG08AD7042 को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(a) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक सियाराम यादव, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह, मिलन राठौर, छगन साहू तथा आरक्षक पुनेश्वर आजाद, सुरेंद्र मार्को, रामकुमार कंवर सहित बम्हनीडीह थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

