home page

रायपुर में लाखों की चोरी का खुलासा, सोने के जेवर समेत सामान बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर में लाखों की चोरी का खुलासा, सोने के जेवर समेत सामान बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारी क्वार्टर में हुई लाखों रुपये की चोरी का रायपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के पास से करीब 109 ग्राम सोने के जेवर, चांदी का हार, 10 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक व एक्टिवा बरामद की गई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका यशवंती साहू स्कूल गई थीं। उनकी बेटी भी करीब 12:05 बजे क्वार्टर में ताला लगाकर बाहर चली गई। इसी दौरान आरोपितों ने पहले बाइक से इलाके की रेकी की। इसके बाद वाहन बदलकर एक्टिवा से वापस आए और दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

आरोपितों ने कमरे में रखी आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। करीब 3:25 बजे शिक्षिका की बेटी वापस लौटी तो क्वार्टर का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही खमतराई पुलिस, नॉर्थ जोन और क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपितों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपितों की पहचान सारिक खान (32वर्ष ), निवासी नयापारा, मूल निवासी केलाबाड़ी दुर्ग और मो. तौसीफ (29वर्ष ), निवासी चूना भट्टी, थाना गंज, मूल निवासी तकियापारा दुर्ग के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी दुर्ग जिले में चोरी के मामले दर्ज रहे हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें रानी हार, मंगलसूत्र, कंगन, गले की माला और कान के लटकन शामिल हैं। इसके अलावा चांदी का हार, 10 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी जब्त की गई है।पुलिस ने बताया कि, मामले में आरोपितों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से घर और संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि, अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, घर और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाएं तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस, 112 या कंट्रोल रूम को सूचना दें।

पुलिस ने यह भी कहा है कि, घर या संस्थान में कामगार अथवा नौकर रखने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर