home page

नाबालिग से 10 लाख की चाेरी करवाने वाले 3 आरोपित गिरफ्तार

 | 
नाबालिग से 10 लाख की चाेरी करवाने वाले 3 आरोपित गिरफ्तार


कांकेर, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से स्वयं के घर से चोरी करवाने का मामला सामने आया है। मोहल्ले के तीन युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपितों अजीम खान (21 वर्ष), फैजल खान (25 वर्ष) और मदनी मेमन (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर आज मंगलवार काे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल कर दिया है।

कांकेर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाबालिग बेटे को कुछ युवकों ने बहला-फुसलाकर घर में रखे जेवर और नगदी चोरी करवाकर बेच दिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम ने तीनाें आरोपितों अजीम खान (21 वर्ष), फैजल खान (25 वर्ष) और मदनी मेमन (20 वर्ष) से पूछताछ की । पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने नाबालिग को घुमाने-फिराने और खर्चा देने का लालच दिया था। नाबालिग ने लगभग दो माह के दौरान घर के लॉकर से बार-बार जेवर और नगदी निकालकर उन्हें दिए। ईद के दौरान मां ने लॉकर खाली देखा तो उसे पूरी घटना का पता चला। नाबालिग ने बताया कि चोरी किए गए सामान में सोने के झुमके, टॉप्स, चेन-लॉकेट और अंगूठियां शामिल थीं। नाक की फुल्ली और मंगलसूत्र भी चोरी हुए थे। चांदी के पायल, बिछिया और चाबी गुच्छा भी ले जाए गए। लगभग एक लाख रुपये नगद भी चोरी हुए थे। कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुछ सामान बरामद किया है। अजीम खान से 30 हजार रुपये, एक जोड़ी पेंट, शर्ट और चप्पल मिले। फैजल खान से एक आईटेल कंपनी का मोबाइल और मदनी मेमन से एक रियलमी का मोबाइल तथा चांदी का ब्रेसलेट बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि फैजल खान के खिलाफ थाना कांकेर में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे