रायपुर : 24 घंटे में चोरी का खुलासा, लाखों के जेवरात बरामद, युवक और नाबालिग पकड़े गए
रायपुर, 7 जुलाई (हि. स.)। सूने मकान में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले एक आरोपित और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।आजाद चौक थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मंगलवार को यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, हांडीपारा निवासी कांति साहू 5 जुलाई को घर में ताला लगाकर ग्राम नकटी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। अगले दिन लौटने पर उन्होंने देखा कि घर और अलमारी का ताला टूटा हुआ है तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके हैं। शिकायत पर आजाद चौक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर हांडीपारा निवासी मोहम्मद बिलाल (19) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने विधि के साथ संघर्षरत एक बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने बालक को भी पकड़ लिया।
दोनों की निशानदेही पर करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के चोरी के जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि विधि के साथ संघर्षरत बालक के विरुद्ध पहले से ही आजाद चौक थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

