रायपुर : घर से 12 हजार रुपये की चोरी का 8 घंटे में खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की रकम में से 7 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपित तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, पंडरी थाना क्षेत्र के मेन रोड मोवा स्थित किराना दुकान संचालक के घर से 12 हजार रुपये नगद चोरी हो गए थे। मामले में पुलिस ने पंकज सोनवानी निवासी पुरानी बस्ती सतनामी पारा, मोवा, थाना पंडरी, रायपुर को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि, 19 अगस्त की रात परिवार के साथ सोने के बाद सुबह उसकी पत्नी घर का दरवाजा हल्का बंद कर दुकान खोलने चली गई थी। बाद में प्रार्थी को अपनी पेंट की जेब में रखे 12 हजार रुपये नहीं मिले। काफी तलाश के बाद भी रकम नहीं मिलने पर थाना पंडरी में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोहल्ले में लगे सार्वजनिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में पंकज सोनवानी घर वाली गली में संदिग्ध रूप से आते-जाते दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपित ने घर का दरवाजा हल्का खुला देखकर अंदर प्रवेश कर 12 हजार रुपये चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, चोरी की रकम में से 5 हजार रुपये खर्च कर दिए, जबकि शेष 7 हजार रुपये उसके पास थे। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 7 हजार रुपये नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना पंडरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के करीब 8 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, आरोपित की गिरफ्तारी और चोरी की रकम की बरामदगी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

