दिनदहाड़े पेट्रोल पम्प की केबिन से हजारों की चोरी,पुलिस गश्त पर सवाल
बहराइच, 16 जून (हि.स.)। जिले के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पम्प से चोरी की घटना प्रकाश में आई है। अज्ञात चोरों ने आलोक ट्रेडिंग कम्पनी की केबिन में रखे करीब 95 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि मामले की जानकारी पम्पकर्मियों को लगभग तीन घण्टे बाद हुई। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, पेट्रोल पम्पकर्मी हरपाल दोपहर लगभग 11 बजे कैश का हिसाब कर रहा था। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति केबिन में आ गए और वहां रखी करीब 95 हजार रुपये की नगदी लेकर नौ दो ग्यारह हो गए।
नगदी गायब होने की भनक कर्मचारियों को तीन घण्टे बाद दो बजे के करीब में हुई तो परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया गया, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। दोनों युवक पहले तो पास की एक इलेक्ट्रॉनिक शॉप के बाहर कुछ देर खड़े रहें फिर दोपहर लगभग सवा ग्यारह बजे आलोक ट्रेडिंग कम्पनी के केबिन में दाखिल होते दिखाई पड़ते हैं। सीसीटीवी में दोनों संदिग्ध सामान्य तरीके से केबिन में घूमते दिखाई पड़ रहे हैं।
मैनेजर धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि पम्प में बने ऑफिस की केबिन से करीब 95 हजार रुपये की नगदी गायब मिली है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नानपारा पुलिस मौके पर पहुँची और सीसीटीवी को खंगालना शुरू किया।
नानपारा क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पुलिस आसपास के भी सीसीटीवी खंगालने में जुटी है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

