पन्ना में साढ़े छह लाख रुपये के पिकअप वाहन की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
पन्ना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर इलाके से महिंद्रा पिकअप वाहन चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया पिकअप वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में दूसरा आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पन्ना के रानीगंज मोहल्ला निवासी राजेंद्र कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 और 25 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात उनकी दुकान के पास खड़ा सफेद रंग का महिंद्रा पिकअप वाहन अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 813/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चंदला-लवकुशनगर क्षेत्र के भितरिया तिराहे के पास दबिश दी गई। यहां पुलिस ने घनश्याम सिंह बैस, पुत्र रणविजय सिंह बैस, निवासी ग्राम धरमपुर, थाना बारीगढ़, जिला छतरपुर को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने अपने साथी सौरभ सेंगर के साथ मिलकर पिकअप वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर करीब साढ़े छह लाख रुपये कीमत का महिंद्रा पिकअप वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया कर रही है। वहीं, फरार आरोपित सौरभ सेंगर की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक, उपनिरीक्षक शक्ति प्रकाश पांडेय और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

