वृंदावन में 70 लाख की चोरी का खुलासा: नौकरानी गिरफ्तार
मथुरा, 29 नवम्बर (हि.स.)। जिले वृंदावन थाना क्षेत्र के पॉश इलाका कृष्णा हाइट्स में एक व्यवसायी के घर पर हुई चोरी का पुलिस ने रविवार को सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी लगभग 70 लाख रुपये के जेवर और 2.07 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने अभियुक्ता को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रविवार शाम क्षेत्राधिकारी (सीओ) वृंदावन प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि 20 नवंबर को कृष्णा हाइट्स, वृंदावन निवासी नारायण प्रसाद अग्रवाल ने थाने में एक लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी कि, उनके घर पर काम करने वाली एक नौकरानी (जिसका नाम-पता अज्ञात था) घर से कीमती आभूषण और नकदी चोरी करके फरार हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना वृंदावन पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई थीं। वैज्ञानिक साक्ष्यों और गहन छानबीन के आधार पर पुलिस ने रविवार को नौकरानी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्ता के कब्जे से लगभग 2,07,000 रुपये नकद तथा चोरी गए करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम की इस प्रभावी कार्रवाई से एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश हुआ है। फिलहाल अभियुक्ता को न्यायिक रिमांड के लिए ले जाया जा रहा है और इस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

