home page

मथुरा : 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी का खुलासा, दिल्ली का शातिर बदमाश गिरफ्तार

 | 
मथुरा : 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी का खुलासा, दिल्ली का शातिर बदमाश गिरफ्तार


मथुरा, 28 जुलाई (हि.स.)। मथुरा के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिम्स अस्पताल के निकट हुई 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी की सनसनीखेज घटना का थाना हाईवे पुलिस, सर्विलांस, साइबर, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मंगलवार इस मामले में दिल्ली के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए पूरे 25 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी बाइक बरामद कर ली है।

पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार दाेपहर घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि 20 जुलाई की शाम करीब 6 बजे, पीड़ित व्यापारी वरुण अग्रवाल के कर्मचारी (मेघश्याम और सुनील) तथा गाड़ी चालक रमेश कार से 25 लाख रुपये लेकर गोविंद नगर की ओर जा रहे थे। जब इनकी कार गोवर्धन चौराहे के पास पहुँची, तो बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी चालाकी से कार के बोनट के नीचे तेल छिड़क दिया। इसके बाद, आगे सिम्स अस्पताल के पास खड़े बदमाशों ने इशारा कर गाड़ी चालकों को बताया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है और उससे तेल की बदबू तथा धुआँ आ रहा है। झांसे में आकर जैसे ही ड्राइवर ने गाड़ी रोककर बोनट खोला और कार में सवार अन्य लोग भी नीचे उतरकर देखने लगे, वैसे ही शातिर बदमाशों ने मौका पाकर कार की सीट पर रखा 25 लाख रुपयों से भरा बैग पार कर दिया और बाइक से फरार हो गए। मंगलवार मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सर्विलांस टीमों ने सलेमपुर पाली खेड़ा रोड पर घेराबंदी कर इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय पुत्र मारमुत्तु निवासी मदनगिरी, थाना अंबेडकर नगर, साउथ दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चुराए गए पूरे 25 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक अपने कब्जे में ले ली है।

पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस उनके बाकी साथियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। इस सफल खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रशान्त कपिल (थाना हाईवे), उ.नि. आशीष मलिक (प्रभारी साइबर सेल), उ.नि. विकास कुमार (प्रभारी सर्विलांस सेल), उ.नि. महावीर सिंह (प्रभारी स्वॉट टीम), उ.नि. संदीप कुमार (प्रभारी एसओजी), उ.नि. नितीन राठी (चौकी प्रभारी तारसी, थाना हाईवे), उ.नि. केशव वशिष्ठ (चौकी प्रभारी राधापुरम स्टेट, थाना हाईवे), उ.नि. सौरभ तेवतिया (थाना हाईवे) एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार