home page

पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य के घर 15 लाख की चोरी का खुलासा, शातिर गिरफ्तार

 | 
पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य के घर 15 लाख की चोरी का खुलासा, शातिर गिरफ्तार


कानपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र की सुदर्शन हाउसिंग सोसाइटी में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य अशोक कुमार के घर हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने बंबा रोड के पास से विनायकपुर निवासी सौरभ गौतम को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर और एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ चकेरी, कल्याणपुर समेत शहर के अलग-अलग थानों में चोरी सहित 15 मुकदमे दर्ज हैं।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने गुरुवार काे बताया कि गिरफ्तार सौरभ गौतम चोरी की वारदातों को अंजाम देने में माहिर है। वह पहले घर की रेकी करता था और मौका मिलते ही करीब आधे घंटे के भीतर ताला तोड़कर चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी ताले और अलमारी के लॉकर तोड़ने में भी माहिर है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

रावतपुर थाना क्षेत्र की सुदर्शन हाउसिंग सोसाइटी निवासी अशोक कुमार 23 अगस्त को लखनऊ से अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने पर उन्हें तीन कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर गायब थे। चोरी की सूचना मिलने पर रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले के खुलासे के लिए डीसीपी पश्चिम ने छह पुलिस टीमों का गठन कर जल्द राजफाश के निर्देश दिए थे। टीमों ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान करीब 200 कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

लगातार सुराग जुटाने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार रात बंबा रोड के पास से सौरभ गौतम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से चोरी के जेवर, करीब 100 ग्राम चांदी के सिक्के और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों में तीन अंगूठियां, मांगटीका, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, चेन, कान की बालियां, पाजेब, पायल, बिछिया और कमरबंद शामिल हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने हाल के दिनों में और किन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

जांच में सामने आया कि सौरभ गौतम के खिलाफ चकेरी, कल्याणपुर समेत शहर के अलग-अलग थानों में चोरी सहित 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले इलाके की रेकी की और इसके बाद मौका पाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप