home page

सोती महिला के कान से सोने के झुमके छीने, मंदिर से चांदी का छत्र चुराया

 | 
सोती महिला के कान से सोने के झुमके छीने, मंदिर से चांदी का छत्र चुराया


उदयपुर, 2 जून (हि.स.)। उदयपुर जिले के मावली उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रख्यावल के राजस्व गांव विठौली में सोमवार देर रात बदमाशों ने आतंक मचा दिया। शातिर बदमाशों ने एक घर में घुसकर सो रही महिला के कान से सोने के झुमके छीन लिए तथा गांव के चारभुजा मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर चांदी का छत्र पार कर लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार विठौली निवासी लच्छुबाई (50) पत्नी अमरा गायरी सोमवार रात करीब 12:45 बजे अपने मकान के हॉल में पति अमरलाल के साथ सो रही थीं। इसी दौरान एक बदमाश घर में घुसा और महिला के कानों में पहने करीब एक तोला सोने के झुमकों पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से महिला दर्द के कारण चीख उठी। शोर सुनकर पति जाग गए, लेकिन तब तक बदमाश अपने साथी के साथ मौके से फरार हो चुके थे। झुमके खींचने से महिला के दोनों कान बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्रामीण वालूराम ने बताया कि बदमाश वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने आए थे। उन्होंने आसपास के कई घरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी थी, ताकि किसी को मदद के लिए बाहर निकलने का मौका नहीं मिले।

बदमाशों ने गांव के महला देवरा मंदिर का गुल्लक तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने चारभुजा मंदिर का ताला तोड़कर वहां रखा चांदी का छत्र चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह परिजनों ने घासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता