एसपी आवास के निकट शगुन ज्वैलरी की दुकान में शटर काटकर करोड़ों रूपये मूल्य के स्वर्णाभूषण की चोरी
अररिया 18 नवम्बर(हि.स.)।
एसपी आवास से महज दो सौ मीटर की दूरी पर अवस्थित शगुन ज्वैलरी की दुकान में बीती रात चोरों ने शटर को काटकर दुकान में रखे करोड़ो रूपये मूल्य के स्वर्णाभूषण की चोरी कर ली।चोरों ने दुकान का शटर गैस कटर से काटकर दुकान में प्रवेश किया और फिर दुकान के अंदर शोकेस में रखे सभी स्वर्णाभूषण पर हाथ साफ कर लिए।सूचना के बाद मौके पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह,नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक पुलिस अधिकारी और बलों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
दुकान से चोरों ने कितने के स्वर्णाभूषण की चोरी की,इसका सही से अभी पता नहीं चल पाया है,लेकिन ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि दुकान से करोड़ों रूपये मूल्य के स्वर्णाभूषण की चोरी हुई है।मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ और नगर थाना पुलिस दुकान सहित अगल बगल के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगालने में जुटी है।चोरी के खुलासे को लेकर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम का भी सहारा लिया जा रहा है।
मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि गैस कटर से दुकान का शटर को काटा गया और फिर चोर दुकान में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।दुकानदार द्वारा सूचना के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि अभी तक एक्जेक्ट चोरी की राशि का पता नहीं लग पाया है।सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को तत्काल खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

