home page

शहर के दो थाना क्षेत्रों में चोरों की धमाल, गारमेंट्स शोरूम व ऑटो पार्ट्स की दुकान को बनाया निशाना

 | 
शहर के दो थाना क्षेत्रों में चोरों की धमाल, गारमेंट्स शोरूम व ऑटो पार्ट्स की दुकान को बनाया निशाना


चित्तौड़गढ़, 05 फ़रवरी (हि.स.)। शहर में बुधवार रात को दो थाना क्षेत्रों में चोरों ने धमाल मचाई है। अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना इलाके में निंबाहेड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाया है। यहां से 50 हजार रुपये की नकदी के अलावा पार्ट्स चोरी हुए है। इसके अलावा कोतवाली थाना इलाके में नई पुलिया पर स्थित हलचल गारमेंट्स शोरूम में भी चोर घुसे। यहां से 15 हजार रुपये की नकदी के अलावा नई ड्रेसें चोरी हो गई। इसके पास में ही स्थित फाइनेंस कंपनी के ऑफिस, नाकोडा सेल्स को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। लेकिन यहां से कुछ भी ले जाने में सफल नहीं हुए। चोरी की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

चित्तौड़गढ़ पुलिस के अनुसार सुबह शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की सूचना मिली थी। इस पर दोनों ही जगह मौका देखा है। एक चोरी की सूचना कोतवाली थाना इलाके में हुई थी। यहां नई पुलिया स्थित हलचल गारमेंट्स मेंस एंड किड्स वियर शोरूम में चोर घुसे थे। चोर यहां तलाशी लेकर नकदी एवं कपड़े ले गए। शोरूम मालिक ने 15 हजार रुपए नकद एवं कपड़े चोरी होने की जानकारी दी। वहीं चॉइस फाइनेंस ऑफिस से कुछ भी चोरी नहीं हुआ। पुलिस ने गारमेंट्स शोरूम का मौका मुआयना किया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एमओबी टीम को बुलवा कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं एक अन्य चोरी निंबाहेड़ा मार्ग स्थित नाकोडा ऑटो पार्ट्स की दुकान में हुई। शोरूम मालिक रवि वीरानी ने चोरी की सूचना दी थी। यहां से 50 हजार रुपए नकद एवं ऑटो पार्ट्स चोरी गए। इस पर सदर थाना पुलिस को मौके पर भेजा है। पुलिस साक्ष्य जुटा कर चोरों की तलाश में जुट गई है। इधर, चोरी की सूचना पर डिप्टी बृजेशसिंह, कोतवाली सीआई तुलसीराम आदि मौके पर पहुंचे।

शोरूम के मालिक अमित जैन ने बताया कि गुरुवार सुबह चोरी की जानकारी मिली तो शोरूम पर जाकर देखा। यहां पता चला की छत के रास्ते से चोर अंदर आए थे। तीन मंजिला शोरूम में चोर छत की दीवार तोड़ कर अंदर घुसा था। यहां काफी देर तक तलाशी ली। सीसी टीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दिया है जिसके फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाए हैं। अमित जैन ने बताया कि उनके यहां पर करीब 2 साल पहले भी चोरी की वारदात हुई थी, जिसका भी आज तक खुलासा नहीं हो पाया। पास में ही एक दुकान का काम चल रहा है। आशंका है कि इस निर्माणाधीन भवन से होते हुए चोर छत के रास्ते शोरूम में घुसे हो। इधर, चोरी की जानकारी मिलने पर अमित जैन के रिश्तेदार सुधीर सहित व्यापार संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से चोरी की वारदात का खुलासा करने का आग्रह किया।

इधर, ऑटो पार्ट्स दुकान के मालिक रवि विरानी ने बताया कि निंबाहेड़ा मार्ग पर नवीन न्यायालय परिसर के सामने ही उसकी दुकान है। यहां पर पेड़ के सहारे होते हुए छत के रास्ते चोर दुकान में घुसे। यहां तलाशी लेकर ऑटो पार्ट्स की दुकान से 50 हजार रुपये की नगदी और अन्य सामान चोरी हुए हैं। विरानी ने बताया कि चार-पांच दिन पूर्व भी ऑटो पार्ट्स की एक दुकान पर चोरी की वारदात हुई थी उसका भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल