home page

पुलिस चौकी के निकट दो सर्राफा समेत तीन दुकानों में लाखों की चोरी

 | 
पुलिस चौकी के निकट दो सर्राफा समेत तीन दुकानों में लाखों की चोरी


फर्रुखाबाद ,10 अप्रैल (हि.स.)। थाना मऊ दरबाजा क्षेत्र में शातिर चोरों ने बीती रात पुलिस चौकी के निकट तीन दुकानों से लाखों के जेवर नकदी व सामान चुराकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। घटना की जानकारी मिलने पर को सीओ सिटी अभय वर्मा, थाना अध्यक्ष अजब सिंह एवं हथियापुर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार यादव ने मामले की जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से चोरी के साक्ष्य जुटाए। चोरों ने बीती रात हथियापुर पुलिस चौकी के निकट बाजार में तीनों दुकानों क शटर उचकाकर वारदात की है।

श्री ओम मंगला गौरी ज्वैलर्स की दुकान से करीब 4 लाख रुपये कीमती सोना व तोडियां निकाल ले गए। दुकान मालिक मनोज कुमार शर्मा कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला जोगराज स्ट्रीट में रहते हैं। चोर आशा ज्वेलर्स की दुकान से 450 ग्राम चांदी 10 ग्राम सोना 19,800 रुपये व चांदी के तीन सिक्के ले गए। कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला पक्का पुल निवासी दुकान मालिक दिनेश वर्मा को सुबह दुकान के सामने रहने वाले व्यक्ति ने फोन पर चोरी की जानकारी दी। चोर आर वी जन सेवा केंद्र एंड गारमेंट्स की दुकान से लाखों रुपये कीमती कपड़े, मोबाइल लैपटॉप, लेमिनेशन मशीन, फिंगर मशीन एवं गारमेंट्स कपड़े चुरा ले गए। थाना नवाबगंज के ग्राम सिलाईया निवासी दुकान मालिक अनुराग वर्मा ने बताया की वह रिपोर्ट लिखाने हथियापुर पुलिस चौकी गए तो वहां कोई मौजूद नहीं था। बताया गया है की चोरी करने वाले तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। नंगे पैर तीन लोग बेलचा से दुकान का शटर उचकाते देखे गए। पुलिस चौकी के निकट तीन दुकानों से लाखों की चोरी होने से इलाके में चोरों का भय व्याप्त हो गया है। व्यापारियों एवं नागरिकों ने बताया कि पुलिस रात के समय हथियापुर बाजार में गस्त नहीं करती है जिसके कारण ही यह वारदात हुई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने दावा किया कि अति शीघ्र घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar