home page

निंबाहेड़ा में पांच लाख की नकबजनी का खुलासा, एक गिरफ्तार

 | 
निंबाहेड़ा में पांच लाख की नकबजनी का खुलासा, एक गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 07 मई (हि.स.)। जिले के निंबाहेड़ा कस्बे में एक सूने मकान में हुई लाखों की नकबजनी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी कमलसिंह जाट को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। वहीं दूसरे आरोपी सत्यनारायण सोनी को नामजद किया गया है, जो चित्तौड़गढ़ सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और 26 मामलों में वांछित है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 27 अप्रैल को आशीष गर्ग पुत्र गोपाल कृष्ण गर्ग निवासी निंबाहेड़ा के सूने मकान का ताला तोड़ कर बदमाश 5 लाख नकद व सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए थे। इस पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई सूरज कुमार को सौंपा गया था। मामले में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के निर्देश पर टीम गठित की गई। एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में टीम ने आसूचना के आधार पर कमलसिंह पुत्र लोभचन्द जाट निवासी बाड़ी थाना सदर निंबाहेड़ा हाल चांपाखेड़ी थाना भदेसर को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी ने साथी सत्यनारायण सोनी पुत्र गोपाल सोनी के साथ मिल कर चोरी करना कबूल किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कमल सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट से रिमांड लिया गया। वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात में शामिल वांछित आरोपी सत्यनारायण उर्फ सत्तू पुत्र गोपाल लाल सोनी निवासी हमीरगढ़, हाल कुंभानगर चित्तौड़गढ़ को नामजद किया जो अभी भदेसर में किराए के मकान में रह रहा था। यह सदर चित्तौड़गढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। इसके खिलाफ उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ व नीमच जिले में चोरी, नकबजनी व लूट के कुल 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वारदात के खुलासे में साइबर सेल के एएसआई राजकुमार सोनी, कांस्टेबल रामावतार, राजेश का विशेष सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल