home page

शीतला मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण समेत नगदी पार

 | 
शीतला मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के आभूषण समेत नगदी पार


धमतरी, 25 मई (हि.स.)। कुरुद ब्लाॅक के ग्राम मरौद के शीतला मंदिर में अज्ञात चोरों नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। वहीं मंदिर में विराजित मूर्ति को अज्ञात चोरों ने खंडित भी किया है, इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। घटना स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जवान तैनात किया गया है।

कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई की रात में अज्ञात चोरों ने ग्राम मरौद स्थित मां शीतला मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। हर रोज की तरह आज सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो देखा कि मंदिर के भीतर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। वहीं माता की श्रृंगार सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। जिसमें सोने का हार, कड़ा, श्रृंगार मुकुट, गुलबंद, पायल शामिल है। इस घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात चोरों ने मूर्ति को भी खंडित किया है। इसकी खबर पूरे गांव में फैलते ही घटना स्थल मंदिर के पास ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

ग्रामीणों ने चोरी की घटना की जानकारी कुरूद पुलिस में दी, तो पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम घटना स्थल पर पहुंची और जांच किए। पुलिस इस घटना के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं संदिग्धों पर नजर रखी हुई है। यहां मूर्ति खंडित होने के बाद पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जवानों की सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि लोगों में आक्रोश न फैले और किसी तरह अशांति पैदा न हो।

इस मामले में एएसपी शैलेंद्र पांडे, साइबर सेल डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, कुरुद एसडीओपी रागिनी मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी चंद्रकांत साहू, बिरेझर चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात चोरों तक पहुंचने पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि पुलिस आरोपित तक आसानी से पहुंच सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा