home page

सिरसा: शराब ठेके में सेंध, लाखों रुपये की शराब व 50 हजार रुपये की नकदी चुराई

 | 
सिरसा: शराब ठेके में सेंध, लाखों रुपये की शराब व 50 हजार रुपये की नकदी चुराई


सिरसा, 30 मार्च (हि.स.)। सिरसा में एक शराब ठेके में सेंध लगाकर लाखों रुपये की शराब व 50 हजार रुपये की नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शराब ठेकेदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शराब ठेकेदार अरविंद ने सोमवार को पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि उसका नेजाडेला कलां रोड स्थित शराब ठेका है। रविवार रात ठेके पर दो कर्मचारी मौजूद थे। देर रात को दोनों कर्मचारी ठेके पर ही सो गए। कुछ लोग शराब ठेके पर आए और लाइट काट दी। इसके बाद वे टिन से बनी दीवार को तोडक़र अंदर घुसे और ठेके से दो लाख 20 हजार रुपये कीमत की शराब व गल्ले से 50 हजार रुपये की नगदी चुरा ले गए। ठेका कारिंदों ने घटना की सूचना उसे दी जिस पर वह मौके पर पहुंचा। वहीं शक जताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने ठेके की रैकी की और उन्हें पता था कि ठेके के सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं, जिसका उन्होंने फायदा उठाया। पुलिस ने शराब ठेकेदार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लूट की वारदात सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तेजधार हथियार से हमला कर दो लाख रुपये की नकदी लूटने की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। कालांवाली चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान जबरजंग सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुरंगावाली निवासी सुखबीर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में सुखबीर सिंह ने बताया कि वह कालांवाली के एक बैंक से दो लाख रुपये की नकदी निकालकर रेलवे फाटक से होकर घर जा रहा था। इसी दौरान उस पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियार से हमला बोल दिया। आरोपी उसकी जेब से दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने सुखबीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी जबरजंग सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma