home page

अनूपपुर: सूने घर में चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, 95 हजार का सामान जब्त

 | 
अनूपपुर: सूने घर में चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, 95 हजार का सामान जब्त


अनूपपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना पुलिस ने एक सूने शासकीय आवास में हुई चोरी के तीन आरोपियों को शुक्रवार-शनिवार की रात गिरफ्तार किया, जिनके पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल दो पहिया वाहन जब्त की गई। शनिवार को पुलिस ने तीनों को न्यायलाय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र थानगांव बिजुरी निवासी शोभा जायसवाल ने 20 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 15 से 18 अगस्त के बीच जब उनका परिवार बाहर गया था, तब अज्ञात चोरों ने उनके शासकीय मकान का ताला तोड़ दिया था। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और 35 हजार रुपए नकद (कुल कीमत लगभग 95 हजार) चुरा ले गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को कोरजा रोड पर संदिग्ध युवकों के घूमने की सूचना मिली। थाना प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर थानगांव बिजुरी निवासी 30 वर्षीय मूलचंद केवट, 32 वर्षीय विकास सिंह गोंड एवं 32 वर्षीय अशोक उर्फ मिर्चु सिंह गोंड (32) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने चोरी स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, इंडक्शन चूल्हा, हेयर ड्रायर, बैटरी और बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे क्षेत्र में कुछ अन्य जगहों पर भी चोरी की योजना बना रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला