home page

तीन ट्रकों में भरकर हाईटेंशन लाइन का सामान ले गए बदमाश

 | 
तीन ट्रकों में भरकर हाईटेंशन लाइन का सामान ले गए बदमाश


जोधपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। बालेसर में एक हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन प्रोजेक्ट के दो अलग-अलग गोदामों से डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा के सामान की लूट हुई है। बदमाश अपने साथ तीन मिनी ट्रक लेकर आए थे। बदमाशों ने गोदाम पर तैनात सुरक्षा गार्डों को हथियारों के दम पर बंधक बनाया, उनके हाथ बांधे, मुंह पर सेलोटेप चिपकाई और ट्रकों में सामान लादकर फरार हो गए। वारदात 30 जुलाई और 2 अगस्त को जुडिया और लूणावपुरा-बावरली गांव में हुई।

प्रोजेक्ट का काम कर रही कंपनी ट्रांसरेल लाइटिंग लिमिटेड के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) गोनपा श्रीनिवास राव ने बालेसर थाना में मामला दर्ज कराया है। शिकायत में बताया कि पहली वारदात 30 जुलाई की रात करीब 1.15 से 2 बजे के बीच ग्राम पंचायत जुडिया में हुई। यहां ट्रांसमिशन लाइन का कीमती सामान चुरा ले गए और वहां के ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचाया। चोरी किए गए सामान में 2400 मीटर कंडक्टर, सस्पेंशन और टेंशन फिटिंग के सेट, 24 स्पेसर, 8 इंसुलेटर और 2 मीट्रिक टन टावर क्रॉस आर्म शामिल हैं। इसके अलावा बदमाशों ने 600 मीटर कंडक्टर को भी तोडक़र बर्बाद कर दिया।

वहीं दो अगस्त की रात करीब 2 बजे बदमाशों ने लूणावपुरा-बावरली गांव में दूसरी वारदात को अंजाम दिया। यहां भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। अचानक 20 से 25 अज्ञात बदमाश वहां आए। उस समय साइट पर तीन सुरक्षा गार्ड तैनात थे। बदमाशों ने तीनों गार्ड्स को जान से मारने की धमकी दी, उनके हाथ बांध दिए और वे चिल्ला न सकें इसलिए उनके मुंह पर चौड़ी टेप चिपका दी। इसके बाद उनके मोबाइल छीनकर दूर फेंक दिए। बदमाशों ने वहां रखा करीब डेढ़ करोड़ रुपए का सामान अपने साथ लाए तीन मिनी ट्रकों में भरा और भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद गार्ड्स ने जैसे-तैसे खुद को आजाद किया और तुरंत 1

12 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। यह 765 केवी मेड़ता से बाड़मेर ट्रांसमिशन लाइन का काम है। लूट के कारण प्रोजेक्ट की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। थाना प्रभारी भंवरलाल जेवलिया ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश