मंदिर की दानपेटी से चोरी करने वाले दो आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे
रायगढ़, 07 मार्च (हि.स.) । खरसिया क्षेत्र में मंदिर की दानपेटी से रुपये चोरी करने वाले दो आरोपितों को चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में एक आरोपित हाल ही में चोरी के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, जिसने बाहर आते ही अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में प्रार्थी राजेन्द्र मेहता निवासी सराफा लाइन खरसिया ने 06 मार्च 2026 को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, कॉन्वेंट स्कूल के बगल में स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में जब वह सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था तथा अंदर रखी दानपेटी का ताला भी टूटा मिला। दानपेटी में रखे लगभग 5 से 6 हजार रुपये अज्ञात चोर द्वारा रात में चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 93/2026 धारा 331(4), 305 (ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पूर्व में मंदिर चोरी के मामलों में शामिल संदेही देव उर्फ देवा श्रीवास और उसके साथी मोनू चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने मंदिर की दानपेटी से रुपये चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपित देव उर्फ देवा श्रीवास के मेमोरेंडम पर उसके कब्जे से 900 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक छोटा लोहे का रॉड बरामद किया गया। वहीं आरोपित मोनू चौहान के कब्जे से 900 रुपये जब्त किए गए। दोनों आरोपितों को उनके कृत्य पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

