रायपुर : लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरी का 10 घंटे के भीतर खुलासा, एक नाबालिग पकड़ाया, फरार आरोपितों की तलाश जारी
- आरोपितों की पतासाजी के लिए 40 सदस्यीय टीम का किया गया था गठन
रायपुर, 12 मई (हि.स.)। लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का राजधानी पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में आरोपित नाबालिग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस बाकी अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित वंश कुमार मुरपानी ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि, वह लोधीपारा रोड शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करता है। 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह जब दुकान खोलने गए तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी एवं नकबजनी के आरोपियों की तस्दीक की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपित को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही उसने थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र के ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के पश्चात अन्य बड़ी घटनाओं के खुलासे होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

