चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 घंटे मैं नकबजनी का खुलासा
चित्तौड़गढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना चित्तौड़गढ़ पुलिस ने सहनवा गांव में किसान के फार्म हाउस में हुई नकबजनी और चोरी की वारदात का मात्र 10 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी गया फार्मट्रैक-60 ट्रैक्टर मय ट्रॉली, गेहूं-जौ सहित पूरा सामान बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल लोडिंग ऑटो भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 29 जुलाई को सहनवा निवासी गोविंद सिंह जाट ने सदर थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उनके खेत पर बने मकान और गोदाम से किसी अज्ञात बदमाश ने रात में प्रवेश कर फार्मट्रैक-60 ट्रैक्टर मय ट्रॉली, गोदाम में रखा करीब 12 क्विंटल गेहूं, 12 कट्टे जौ, 2 कट्टे डीएपी खाद और अन्य सामान चुरा लिया है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर खुलासे के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और डीएसपी ब्रजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। वारदात स्थल और वारदात के तरीके का बारीकी से विश्लेषण किया। टीम में एएसआई ददू सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, गजेंद्र सिंह और धर्मेंद्र कुमार शामिल थे। टीम ने मुखबिर की सूचना और आसूचना संकलन के आधार पर मात्र 10 घंटे में कार्रवाई करते हुए सरहद चकतिया, मंगलवाड़ से चोरी का ट्रैक्टर मय ट्रॉली बरामद कर लिया। इसके बाद वारदात में शामिल चार आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने राहुल जटिया पुत्र माधुलाल निवासी नई आबादी बोदियाना थाना चंदेरिया हाल नई आबादी बानसेन थाना भदेसर, दीपक जटिया पुत्र श्यामलाल निवासी नई आबादी बानसेन थाना भदेसर, इरफान मोहम्मद पुत्र साबिर मोहम्मद निवासी नई आबादी पुठोली थाना गंगरार और वाजिद मीर खां पुत्र वाहिद मीर खां निवासी विलायती का खेड़ा थाना शंभुपुरा को गिरफ्तार किया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 12 क्विंटल गेहूं और 12 कट्टे जौ भी बरामद किए। घटना में प्रयुक्त लोडिंग टेम्पो को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

