यमुनानगर : पुलिस ने चोरी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया
यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से दो को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि दो को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान जितेंद्र और कन्हैया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हाल ही में एक निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी करने की घटना में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई चल रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक अन्य कार्रवाई में स्पेशल स्टाफ की दूसरी टीम ने बैंक कॉलोनी क्षेत्र के पास से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान जसबीर और लखविंदर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये दोनों एक पूर्व चोरी की घटना में संलिप्त रहे हैं, जिसमें बंद मकान को निशाना बनाया गया था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

