हमीरपुर में छह साल से फरार चोरी का आरोपित गिरफ्तार
हमीरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के थाना सिसोलर पुलिस ने शुक्रवार को वर्ष 2020 से फरार चल रहे चोरी के एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले छह सालों से लगातार ठिकाने बदल रहा था।
थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2020 में ग्राम भैंसमरी निवासी विश्राम प्रजापति के घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और पीतल के बर्तन चोरी हुए थे।
पुलिस इस मामले में एक आरोपित रामप्रकाश गुप्ता को पहले ही सामान सहित जेल भेज चुकी थी, लेकिन दूसरा आरोपित गुलबदन सिंह फरार चल रहा था। उसकी धरपकड़ न होने पर वर्ष 2021 में कोर्ट के आदेश पर उसके घर की कुर्की भी की गई थी। लगातार पुलिस को चकमा दे रहे गुलबदन की तलाश में जुटी सिसोलर पुलिस ने शुक्रवार को घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

