बगहा में 50 लाख रूपये की चोरी, पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ जांच करने पहुंची
पश्चिम चम्पारण(बगहा), 16 मार्च (हि.स.)। बगहा पुलिस जिला के नगर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में चोरी की बड़ी घटना की वारदात सामने आई है। चोरों ने देवेन्द्र कुमार गिरी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की आभूषण, नकद और विभिन्न प्रकार की सामान की चोरी कर घटना की वारदात देते हुए प्रशासन को खुली चुनौती दी है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवार के सदस्य पिछले पांच दिन से बेतिया में नये घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए हुए थे। घर के निचला मंजिल के एक कमरा में गृहस्वामी देवेन्द्र कुमार गिरी अकेले सोये थे।इस दौरान चोर घर के पीछे सरेह की तरफ से पहुंचे और पीछे के रास्ते से दूसरी मंजिल पर चढ़ गए। वहां गैस कटर से दरवाजा काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे लगभग 50 लाख रुपया के जेवरात, महंगे कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
लगभग 50 लाख रुपये के सामान, आभूषणों की चोरी बताई जा रही है। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलायी। टीम ने घर के पीछे सरेह वाले हिस्से में जाकर साक्ष्य जुटाए और चोरी के संभावित रास्ते की जांच की। घटना के सन्दर्भ में पीड़ित गृहस्वामी देवेन्द्र कुमार गिरी ने नगर थाना बगहा को एक लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि दरवाजा काट कर अलमीरा तोड़ कर उनके पुत्र मणिकांत गिरी और नीलमणि गिरी के आभूषण, नकद सहित विभिन्न प्रकार की सामग्री एक सोची-समझी रणनीति और षडयंत्र के तहत लगभग 50 लाख रुपया की चोरों ने चोरी कर ली है। अपने परिवार पर अनहोनी की अशंका जाहिर किया है। नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

