home page

उदयपुर में ठेकेदार के घर 11 लाख की चोरी, 7 किलो चांदी और नकदी ले उड़े चोर

 | 
उदयपुर में ठेकेदार के घर 11 लाख की चोरी, 7 किलो चांदी और नकदी ले उड़े चोर


उदयपुर, 2 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के उमरोद गांव में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 11 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान निर्माण ठेकेदार पुनाराम गमेती के घर हुई इस घटना में चोर लगभग 7 किलो चांदी के जेवरात और 80 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय पुनाराम गमेती मंदिर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी घर के निचले हिस्से में सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और ऊपर के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे कीमती जेवर और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

सुबह जब परिवार के सदस्य ऊपर के कमरे में पहुंचे तो बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुनावली के उपसरपंच योगेश पालीवाल ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता है। पीड़ित ने प्रशासन से जल्द आरोपिताें की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता