पति ने पत्नी काे प्रेमी संग शोरूम में शॉपिंग करते पकड़ा, जमकर हुई मारपीट
नोएडा, 06 जून (हि.स.)। नोएडा में थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर 49 में शनिवार को एक कपड़े के शोरूम में पति ने पत्नी को उसके प्रेमी संग रंगे हाथ पकड़कर जमकर मारपीट की। कुछ लोगों ने इस घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी ने बताया कि सेक्टर 49 में एक कंपनी का कपड़ा शोरूम है। यहां पर एक महिला अपने प्रेमी पवन के साथ खरीदारी करने आई थी। इसी बीच उनके पति गौरव भी पीछा करते हुए शोरूम में पहुंच गये। उसने जब अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देखा तो वह आग बबूला हो गया तथा उसने शोरूम के अंदर ही महिला के साथ मारपीट कर दी। इस घटना मे महिला के चेहरे पर गंभीर चोट आई है।
महिला के पति ने उसे गंदी-गंदी गालियां दी। घटना के समय आस-पास मौजूद लोगों ने पति को किसी तरह शांत करने की भी कोशिश की मगर पति ने किसी कि एक न सुनी। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने प्रेमी से करीब 18 हजार से ज्यादा की शॉपिंग करवाई। पति दिल्ली से पीछा करते हुए पत्नी और उसके कथित प्रेमी के पास पहुंचा था।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना सेक्टर 49 पुलिस ने गंभीर धाराओं में महिला के पति गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

