आगरमालवाः माँ-बेटे पर हुई फायरिंग की घटना की जांच की मांग, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
आगरमालवा, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम मगीशपुर में गत 5 मई को माँ-बेटे पर हुई फायरिंग की घटना के मामले में नामजद किए गए आरोपियों के परिजनों ने सोमवार को थाने में विरोध प्रदर्शन किया तथा सुसनेर पुलिस थाना प्रभारी अक्षयसिंह बैस को ज्ञापन सौंपकर निर्दोषों को फंसाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने फायरिंग मामले में कुल चार लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें ईश्वरसिंह और हेमराज भी शामिल हैं। इन दोनों के परिजनों का आरोप है कि उन्हें फर्जी तरीके से मामले में फंसाया गया है, जबकि उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। आरोपी ईश्वरसिंह के भाई मांगूसिंह ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक या किसी अन्य दबाव में आकर बेगुनाह लोगों को आरोपी न बनाया जाए। मांगूसिंह ने वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करने और निर्दोषों को न्याय दिलाने की मांग की। सुसनेर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

