home page

सर्वे अमीन दीपक राज पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
सर्वे अमीन दीपक राज पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


सहरसा, 03 नवंबर (हि.स.)। विजिलेंस टीम ने घूसखोरी के खिलाफ जीरों टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करते मंगलवार को सोनवर्षा प्रखंड के बरैठ पंचायत में पदस्थापित एवं नोनैती मौजा मंगवार शिविर में विशेष सर्वे अमीन दीपक राज को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपित अमीन पर जमीन का रकबा सुधार एवं नक्शा परिवर्तन करने के बदले में परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार करने वाले कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया है। आरोपित को मौके पर रिश्वत की राशि पांच हजार रूपये के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर निगरानी टीम सहरसा परिसदन लेकर पहुंची, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने साथ पटना ले गई।

जानकारी अनुसार, परिवादी प्रभात कुमार की सोनबरसा अंचल के नौनहाटी मौजा में 480 डिसमिल जमीन है।उक्त जमीन का रकबा सुधार एवं नक्शा परिवर्तन कराने के लिए परिवादी ने ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन दिया था। आवेदन के बाद जब परिवादी ने संबंधित सर्वे अमीन दीपक राज से संपर्क किया, तो अमीन ने जमीन का नक्शा एवं रकबा सुधारने के एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

निगरानी विभाग में की शिकायत

सर्वे अमीन द्वारा रिश्वत की मांग किये जाने के बाद परिवादी प्रभात कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में इसकी शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद निगरानी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया।

निगरानी पुलिस उपाधीक्षक अमरेंद्र प्रताप विद्यार्थी क नेतृत्व में 11 सदस्यों की विशेष टीम गठित कर सुनियोजित तरीके से कार्रवाई कर मंगवार स्थित अमीन के निजी आवास सह कार्यालय पर जाल बिछाया। इसी दौरान परिवादी से पांच हजार रुपये रिश्वत लेते सर्वे अमीन दीपक राज को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ ले गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है एवं मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यों में घूसखोरी के खिलाफ आवश्यक कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार