जींद : शादी का झांसा देकर किया महिला का यौन शोषण करने पर दो नामजद
जींद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। महिला थाना पुलिस ने महिला को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने पर दो भाइयों के खिलाफ यौन शोषण व धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर थाना नरवाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति के साथ विवाद था और इसी को लेकर वो पिछले छह साल से अपने मायके में रह रही है। वर्ष 2025 में वह पानीपत से जींद परिवहन समीति बस में आ रही थी। उसी दौरान बस चालक जवाहर नगर निवासी जोगेंद्र से बातचीत हो गई। मोबाइल फोन के नंबरों के आदान-प्रदान के बाद बातचीत का सिलसिला भी शुरू हो गया।
गत 16 मई को जोगेंद्र ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद जोगेंद्र ने उसका यौन शोषण शुरू कर दिया। जब भी वह शादी की बात करती तो आरोपित कुछ समय इंतजार करने की बात करता। यौन शोषण का सिलसिला गत 16 फरवरी तक जारी रहा। जिसके चलते वह गर्भवती भी हो गई। शादी को लेकर उसने जोगेंद्र के भाई जयबीर से बात की तो उसने दोनों की शादी करवाने का आश्वासन दिया। गर्भवती होने पर जब उसने आरोपित जोगेंद्र तथा उसके भाई जयबीर पर दबाव डाला तो आरोपित ने शादी से साफ मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। महिला थाना प्रभारी मोनिका ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जोगेंद्र तथा जयबीर के खिलाफ यौन शोषण करने, धोखाधड़ी करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

