अनूपपुर: लापता युवक का शव एसडीआरएफ ने तलाब से निकाला, हाथों में जकड़ा था शैवाल
अनूपपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना अंतर्गत लखनपुर गांव में गुरुवार की शाम से लापता हुए 21 वर्षीय प्रतीक उर्फ आकार पटेल पुत्र निरंजन पटेल निवासी लखनपुर का शव पास के गहरे तालाब से शुक्रवार की दोपहर एसडीईआरएफ टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।
विवेचक सहायक उपनिरीक्षक महिपाल प्रजापति ने बताया कि प्रतीक उर्फ आकार पटेल गुरुवार शाम 6 बजे से घर से लापता था। रातभर परिजनों ने गांव, आसपास और रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह परिजन घर से करीब सवा सौ मीटर दूर लखनपुर तालाब के पास गए। वहां उन्हें प्रतीक की चप्पलें किनारे रखी मिलीं। इसके बाद परिजनों ने तालाब में डूबने की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तालाब में युवक के डूबने की संभावना पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम शव की तलाश में तालाब में उतरी। दोपहर प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी की टीम ने शव को तालाब से निकाला और पुलिस को सौंप दिया।
प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी ने बताया कि जहां से शव मिला, वहां पानी करीब 10-12 फीट गहरा था। शव के हाथों में शैवाल जकड़े हुए थे। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने डूबते समय खुद को बचाने के लिए तालाब में उगे शैवाल को पकड़कर बाहर निकलने की कोशिश की होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बोलता था किसी का नुकसान हो
परिजनों के अनुसार युवक ज्यादा किसी से बात नहीं करता था। वह कभी-कभी कहता था कि 'हमसे कोई गलती न हो, किसी का नुकसान न हो, इसके लिए क्या करना चाहिए?' पुलिस के अनुसार, मृतक युवक अपने पिता की इकलौती संतान था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

