home page

अनूपपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: पीएचई के प्रभारी कार्यपालन यंत्री 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: पीएचई के प्रभारी कार्यपालन यंत्री 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार


अनूपपुर, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लोकायुक्त रीवा की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री ए.के. साह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर ठेकेदार की जमा सुरक्षा राशि और लंबित भुगतान जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार पीएचई विभाग अनूपपुर द्वारा कोरोना काल वर्ष 2020-21 में रीवा की आरजीए कंस्ट्रक्शन कंपनी को पाइप लाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन और संबंधित कार्यों का ठेका दिया गया था। कंपनी द्वारा कार्य पूर्ण किए जाने के बाद अंतिम भुगतान करीब 14 लाख रुपये, जमा सुरक्षा राशि लगभग 7 लाख रुपये और एफडीआर करीब 4 लाख रुपये वापस किए जाने थे।

आरोप है कि इन भुगतानों को जारी करने के बदले प्रभारी कार्यपालन यंत्री ए.के. साह ने कंपनी के प्रतिनिधि रामाश्रय यादव निवासी बाणसागर कॉलोनी, रीवा से 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त रीवा ने मामले की जांच की और ट्रैप की योजना बनाई।

बताया गया कि रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1.50 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। शेष राशि में से 30 हजार रुपये लेने के लिए अधिकारी ने रामाश्रय यादव को अपने स्मार्ट सिटी स्थित निवास पर बुलाया था। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त टीम द्वारा आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला