home page

एफआईआर दर्ज होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में गहराया असंतोष

 | 
एफआईआर दर्ज होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में गहराया असंतोष


खूनी हाइवे को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना देकर की थी नारेबाजी

प्रशासन के निर्देश पर भाजपा नेता समेत दर्जनों पर रिपोर्ट दर्ज

हमीरपुर, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कलेक्ट्रेट में डीएम आफिस के बाहर खूनी हाइवे को लेकर धरना देकर नारेबाजी करने के मामले में एफआईआर दर्ज होने से यहां सोमवार को भाजपा से जुड़े लोगों में असंतोष गहरा गया है। एफआईआर में भाजपा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल है जिनमें अब पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा देने का एलान भी कर दिया है।

बता दे कि कानपुर-सागर नेशनल हाइवे में आए दिन लगातार हो रहे खूनी हादसे से अब लोग आन्दोलन पर उतर आए है। पिछले दिनों बड़ी संख्या में भाजपा, सपा, व अन्य राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों ने कलेक्ट्रेट आकर डीएम के आफिस के सामने नारेबाजी की थी। अमर्यादित नारेबाजी कर प्रदर्शनकारियों ने डीएम को ज्ञापन लेने के लिए बाहर बुलवाया था। जबकि एडीएम और एसडीएम खुद ही प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेने पहुंचे थे। तपती धूप में प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाते रहे लेकिन डीएम को ज्ञापन देने कोई नहीं पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अफसरों के सामने चूड़ियां तोड़कर फेंकी थी। प्रदर्शन के बाद प्रशासन के निर्देश पर हमीरपुर तहसील के कानूनगो अशोक निगम ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

मुकदमे में समाजसेवी रवीन्द्र भारतवंशी, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष आकाश त्रिपाठी, बउवा ठाकुर, नीशू गुप्ता, बुन्देलखंड रक्तदान समिति के प्रमुख अशोक गुरु, भाजपा नेता शिवेन्द्र सिंह, ब्राम्हण एकता परिषद की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दीपा तिवारी, वंदना तिवारी, सपा नेता युगांग मिश्रा, कांग्रेस नेता उज्ज्वल पाठक, कांग्रेस की नेता नीलम निषाद, हसन खान गोलू, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस दिनेश सिंह समेत सोलह नामजद और चालीस अज्ञात लोग आरोपी बनाए गए है। आज सोमवार को मुकदमा लिखे जाने से भाजपा के लोगों में असंतोष गहरा गया है। भाजपा के बूथ अध्यक्ष संजय प्रजापति ने इस्तीफा ही दे दिया है वहीं अशोक गुरु ने भी पार्टी से इस्तीफा देने का एलान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा