home page

जींद : दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

 | 
जींद : दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले छह आरोपी गिरफ्तार


जींद : दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले छह आरोपी गिरफ्तार


जींद, 08 अप्रैल (हि.स.)। जुलाना में व्हाट्सअप कॉल कर चौथ मांगने के छह आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों को बाजार में भी घुमाया गया ताकि लोगों में भय कम हो सके। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल फोन व सिम कार्ड खरीद कर विभिन्न लोगों को गैंग के नाम पर धमकी देकर फिरौती मांगते थे। फिरौती राशि न देने पर जान से मारने की धमकी तक दी जाती थी। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपितों से वारदातों में शामिल रहे अन्य लोगों तथा तथ्यों की जानकारी जुटाएगी।

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बुधवार को को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 25 मार्च 2026 को गांव टिटोली निवासी अनूप थाना जुलाना में शिकायत दी थी कि उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सअप कॉल के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को एक गैंग का सदस्य बता कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी तथा पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। जिसकी शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में मामला दर्ज कर लिया गया था। मामले की जांच सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई थी। सीआईए स्टाफ ने तकनीकी जांच व साइबर शाखा की मदद से आरोपितों का सुराग लगाते हुए सोनीपत जिला पुलिस से समन्वय स्थापित किया।

सात अप्रैल को को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट के आधार पर जिला जेल सोनीपत से आरोपित आयुष उर्फ मोटा उर्फ सरिया वासी कुंडली (सोनीपत), नरेला दिल्ली निवासी आकाश उर्फ काना, आयुष उर्फ मोटा उर्फ सरिया, आदित्य भारद्वाज उर्फ यश, यश खत्री उर्फ शिकारी, अंकित कुमार उर्फ विनय, आदित्य खत्री को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गहन पूछताछ के दौरान उन्होंने बतया कि मोबाइल फोन व सिम कार्ड खरीद कर विभिन्न लोगों को गैंग के नाम पर धमकी देकर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। आरोपितों को अदालत में पेश करके तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि इस प्रकार की धमकी या फिरौती कॉल आने पर घबराएं नही। इस बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा हर शिकायत पर त्वरित व सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा