पूर्व विधायक के घर चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय बागरिया गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
मंदसौर, 5 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर पुलिस ने पूर्व विधायक स्वर्गीय ओमप्रकाश पुरोहित के घर हुई चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय बागरिया गिरोह के छह सदस्यों को राजस्थान के अजमेर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने देश के अलग-अलग शहरों में चोरी की कुल 17 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 18 जुलाई 2026 को मंदसौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। अज्ञात बदमाश मकान का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दोनों अलमारियों के ताले खोलकर उनमें रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी तथा पुराने इस्तेमाल किए जा रहे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। जांच के दौरान यह मकान पूर्व विधायक स्वर्गीय ओमप्रकाश पुरोहित का होने की जानकारी सामने आई।
मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी की वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई राज्यों में जाकर सुराग जुटाने पड़े। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात के पीछे बागरिया गिरोह का हाथ है। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों का पता लगाते हुए राजस्थान के अजमेर तक पहुंच बनाई और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने मंदसौर की वारदात के अलावा अलग-अलग राज्यों में 17 चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरोह ने इंदौर, रतलाम, आगरा, राजसमंद, नाथद्वारा, उदयपुर, मालेगांव, धुलिया, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कई स्थानों पर वारदातें की हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज पाए गए हैं।
मंदसौर पुलिस ने गिरोह के शिवराम उर्फ हनुमान पिता लादुराम बागरिया निवासी देवरियाकला, जिला अजमेर, सांवरा पुत्र रमेश बागरिया निवासी चपानेरी, जिला अजमेर, सूरज पुत्र रमेश बागरिया निवासी चपानेरी, जिला अजमेर, मदनबौदिया उर्फ सांवरा निवासी कुसायता, उमराव पुत्र लादुराम लोहार निवासी कोटिया, जिला भीलवाड़ा, हाल मुकाम विजयनगर, ब्यावर तथा कालूराम पुत्र रतनलाल बागरिया निवासी चपानेरी, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

