home page

सीमा पार बेचने जा रहे थे 'प्राचीन' बुद्ध प्रतिमा, सात आरोपी गिरफ्तार

 | 
सीमा पार बेचने जा रहे थे 'प्राचीन' बुद्ध प्रतिमा, सात आरोपी गिरफ्तार


बहराइच, 01 अगस्त (हि. स.)। भारत-नेपाल सीमा पर नकली पुरातात्विक मूर्तियों को अष्टधातु की प्राचीन व कीमती प्रतिमा बताकर बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रुपईडीहा पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भगवान बुद्ध की संदिग्ध धातु की एक प्रतिमा, तीन मोटरसाइकिलें, सात मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना पर रुपईडीहा थाना पुलिस ने साईंगांव जंगल स्थित बदलदास मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गिरोह भारत से नेपाल में नकली मूर्तियों को प्राचीन अष्टधातु की दुर्लभ प्रतिमा बताकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। इसी दौरान सातों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद प्रतिमा भगवान बुद्ध की करीब आठ इंच ऊंची और लगभग 4.960 किलोग्राम वजन की बताई गई है। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिलें, सात मोबाइल फोन और आरोपितों के पास से नकदी भी बरामद हुई है।

थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बुद्ध प्रतिमा को दुर्लभ बताकर नेपाल में बेचने की फिराक में लगे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों में सज्जान अली उर्फ काले खां, मन्नू उर्फ दिलदार, आजाद अली, रिजवान, महफूज, साफिक अली तथा समीर उर्फ नूर मोहम्मद शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपितों के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, जालसाजी व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA