जींद : अवैध फैक्टरी चालाने के मामले मे एक आरोपित गिरफ्तार
जींद, 16 मार्च (हि.स.)। सफीदों सदर पुलिस ने बिना अनुमति के विस्फोटक सामग्री से पटाखों को निर्माण कर लोगों की जान जोखिम में डालने, मजदूरों को बंधक बना कर रखने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
थाना सदर सफीदों के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने साेमवार काे बताया कि सफीदों में गत सात मार्च को अवैध फैक्टरी में आग लगने से हुई महिला मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने गांव कुरड़ में छापेमारी की थी। जहां पर किराये के मकान में बिना अनुमति के बम पटाखे की फैक्टरी चल रही थी। वहां पर काफी मात्रा में विस्फोट सामग्री बरामद की थी। शिकायत के आधार पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने गत 11 मार्च को सफीदों निवासी सतनाराण, राकेश समेत चार लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ लोगों की जान जोखिम मे डालने, मजदूरों को बंधक बना कर रखने, विस्फोट सामग्री का भंडारण करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। सदर थाना सफीदों पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सतनारायण को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ शहर थाना सफीदों में गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत अलग से मामला दर्ज है। इस हादसे में 10 महिला मजदूरों की मौत हो गई थी और आधा दर्जन मजदूर अभी भी उपचाराधीन है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

