अनूपपुर: पुलिस को सूचना देने वाले का नाती ही निकला युवती का हत्यारा, भेजा गया जेल
अनूपपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के गुंवारी गांव में युवती की हत्या का मामला सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां को जेल भेज दिया हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस व्यक्ति ने पुलिस को शव मिलने की सूचना दी थी, उसका नाती ही हत्या का आरोपी निकला।
जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जैतहरी निवासी रामखेलावन राठौर 15 मार्च को गुंवारी स्थित अपने खेत और पुराने मकान की देखरेख करने गए थे। खंडहरनुमा मकान से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। जब कमरे में पहुंचे तो उन्हें एक लड़की की शव नजर आई। जो पूरी तरह सड़ चुका था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोस्ती के कुछ दिन बाद ही दोनों में शारीरिक संबंध बनने लगे थे। लड़की उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिसके चलते उसने पत्थर से मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक और युवती का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी अमर वर्मा ने बताया कि शव के पास काले रंग की जूती और एक पर्स पड़ा था। युवती के चेहरे पर कपड़ा लिपटा हुआ था और उसने गाउन पहना हुआ था। प्रारंभिक जांच में युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष अनुमानित की गई। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने टीम का गठन कर जांच के निर्देश दिए। एसडीओपी नवीन तिवारी और शहडोल की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण के दौरान, 18 फरवरी को दर्ज एक गुमशुदा रिपोर्ट से मृतका की पहचान 25 वर्षीय काजल पुरी पिता सुखीराम पुरी निवासी लपटा के रूप मे की गई। परिजनों ने बताया कि काजल की किसी रवि उर्फ ठाकुर साहब नाम के लड़के से प्यार करती थी, 17 फरवरी को भी उस लड़के से फोन पर बात करती हुई कॉलेज (अनूपपुर) जाने की बात कहकर निकली थी। वह लड़का उससे शादी करने से मना कर रहा था। उसी दिन से उसका मोबाईल बंद आ रहा है। मंगलवार को आरोपित रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ में हत्या की बात स्वी़कार करते हुए पुलिस को बताया कि वह जैतहरी में अपने नाना नानी के साथ रहकर कियोस्क सेंटर चलाता है। करीब 6 माह पूर्व काजल से फेसबुक से उसकी दोस्ती हुई थी, उसके बाद वह अक्सर दुकान पर कॉलेज संबंधी काम लेकर आती थी। इसके बाद हमारी आपस मे मोबाईल फोन पर बातचीत होने लगी थी। प्रेम प्रसंग के दौरान हमारे शारीरिक संबंध बनने लगे थे।
रवि ने पुलिस को बताया है कि काजल अक्सर उससे शादी करने कहती थी। आरोपी ने जात बिरादरी का हवाला देकर शादी से इनकार किया तो काजल उसके घरवालों को प्रेम प्रसंग के बारे मे बताने की बात कही। उसने 17 फरवरी को उसके घरवालो से मिलने जैतहरी आने कहा।
आरोपी रवि ने पुलिस को बताया है कि बदनामी से बचने काजल की हत्या करने की ठान ली। जब काजल अपने घर से कॉलेज जाने का कहकर जैतहरी आई तो वह उसे अपनी बाइक से ग्राम गुंवारी गांव लेकर आ गया। यहां उसने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने युवक को बर्बाद करने की धमकी दी। गुस्से में आरोपी ने पहले उसे तमाचे मारे। इसके बाद पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर दिया। हत्या करने के बाद रवि आराम से दुकान आ गया और शाम को घर पहुंचा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

