गौशाला में बाबा की हत्या, सेवादार फरार
जींद, 26 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के जींद जिले के नरवाना खंड के गांव दनौदा कलां स्थित गौशाला में बुधवार देर रात एक सेवादार ने कहासुनी के बाद 60 वर्षीय गूंगा-बहरा बाबा सतबीर को ईंटों से मारकर हत्या कर दी। आरोपित सेवादार सतपाल घटना के बाद फरार हो गया है।
सूत्राें के अनुसार, गांव दनौदा कलां गौशाला के अन्न क्षेत्र में 60 वर्षीय बाबा सतबीर पिछले काफी वर्षों से रह रहा था और वह गूंगा तथा बहरा भी था। बाबा गौशाला में गऊओं की देखरेख भी करता था। बुधवार देर रात बाबा सतबीर की गौशाला सेवा करने वाले गांव दनौदा कलां निवासी सतपाल से कहासुनी हो गई। जिस पर सतपाल ने बाबा सतबीर पर ईंटों से वार कर दिए। जिसमें बाबा सतबीर की मौत हो गई। घटना का उस समय पता चला जब दूसरा सेवादार गौशाला में पहुंचा और अन्न क्षेत्र प्रांगण में शेड के नीचे बाबा सतबीर को खून से लथपथ पड़ा देखा। घटना सूचना पाकर जब तक पुलिस तथा गोशाला प्रबंधन समीति मौके पर पहुंचती तब तक आरोपित फरार हो चुका था। घटना की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने गौशाला कमेटी के सचिव ओमप्रकाश की शिकायत पर आरोपित सतपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी कमल ने बताया कि गौशाला कमेटी के सचिव की शिकायत पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

