जींद : सीएससी में घुस जानलेवा हमला करने के तीन आरोपित गिरफ्तार
जींद, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी पटियाला चौक सीएससी में घुस कर जानलेवा हमला करने के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि श्याम नगर निवासी संजय ने गत 17 अप्रैल को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने जाट स्कूल की दुकानों में सीएससी चलाई हुई है।
17 अप्रैल को शाम वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। उसी समय तीन बाइकों पर कुछ युवक आए और आते ही उसकी दुकान में तोड़ फोड़ करने लगे। संजय ने आरोप लगाया कि नवीन ने आते ही उसकी दुकान के शीशे पर तेजधार हथियार मार दिया, जिससे उसकी दुकान का शीशा टूट गया। इसके बाद अन्य आरोपितों ने उसकी तरफ तेजधार हथियार चलाया जो उसके कंप्यूटर को लग गया। उसने शोर मचाया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी देते हुए फरार हो गए। सारी वारदात सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस ने नवीन, अमर, रोहिल, राज, कमल व साइको को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर श्याम नगर कालोनी निवासी अमर व कमल तथा जैन नगर निवासी साइको को गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपिल करती है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

