अपडेट--जींद में अवैध संबंधों के शक में पति ने की पत्नी की हत्या

जींद, 5 अप्रैल (हि.स.)। जींद जिले के नरवाना में पति ने बच्चों के सामने ही अवैध संबंधों के शक के चलते पत्नी की हत्या कर दी। पति ने चटनी कूटने वाली पत्थर की कुंडी पत्नी के सिर पर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति ने घर की दीवार पर चॉक से लिखा अब सूरज और सोनू की बारी है। इसके बाद वहां से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित भाटिया मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के भूना का रहने वाला सूरज और उसकी 28 वर्षीय पत्नी नेहा काफी समय से नरवाना की इंदिरा कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे। सूरज राजमिस्त्री का काम करता है जबकि नेहा प्राइवेट स्कूल में स्वीपर का काम करती थी। सूरज अपनी पत्नी पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ प्रेम संबंधाें का शक करता था। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हुआ। कुछ दिन पहले नेहा झगड़े के बाद बच्चों को साथ लेकर अपने मायके चली गई थी। कुछ दिन बाद सूरज पत्नी नेहा व बच्चों को घर ले आया था। शुक्रवार देर रात दोनों में फिर से झगड़ा हो गया।
इसी झगड़े में सूरज ने चटनी कूटने वाली कुंडी उठाकर नेहा के सिर में दे मारी। इससे नेहा लहूलुहान होकर वहीं चारपाई पर गिर पड़ी। इसके बाद सूरज दीवार फांदकर घर से भाग गया। मृतका के फूफा ने शनिवार को बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी कि नेहा की मौत हो गई है। उसने मौके पर पहुंच कर देखा तो नेहा का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। इसके बाद नेहा की बेटी से पूछा तो उसने बताया कि पापा ने मम्मी के सिर में पत्थर की कुंडी मारी है। कई बार वार किए, जिससे उसके सिर से खून निकल आया था। फूफा ने नेहा के किसी भी तरह के प्रेम संबंधाें को नकार दिया। मायके वालों ने कहा कि वह शुक्रवार शाम को ही नेहा को यहां छोड़कर गए थे। कुछ दिन पहले सूरज और नेहा के बीच झगड़ा हुआ था। इस कारण नेहा मायके चली गई थी। सूरज और नेहा के चार बच्चे हैं। जिनमें तीन लड़कियां और एक लड़का है। नरवाना शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फोरेंसिक की टीम भी छानबीन कर रही है। जिन लोगों के नाम आरोपी ने लिखे हैं, पुलिस उनके बारे में भी जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा