home page

पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, बचाने आए पिता को भी पीटा

 | 
पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, बचाने आए पिता को भी पीटा


नोएडा, 11 जून (हि.स.)। नोएडा के थाना बीटा- दो क्षेत्र में पत्नी की हत्या के इरादे से पति ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर जानलेवा हमला कर दिया। उसे बचाने आए पिता के साथ भी मारपीट की। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना बीटा- दो के प्रभारी विनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि सुबोध कुमार गुप्ता ने बीती रात बुधवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एनआरआई सिटी में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार, उनकी बेटी कल्पना की शादी आकाश गुप्ता से वर्ष 2024 के अप्रैल माह में हुई थी। पीड़ित का कहना है कि बेटी का पति शादी के समय से ही उसे परेशान करने लगा। कुछ दिन बाद उसने नौकरी छोड़ दी। उसके उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़ित की बेटी मायके लौट आई।

पीड़ित के अनुसार, बुधवार दोपहर को जब उसकी बेटी कल्पना ऑफिस जाने के लिए अपनी सोसाइटी से नीचे सीढ़ियों से उतर रही थी, तभी आकाश वहां पर आ गया। उसने उनकी बेटी के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में उनकी बेटी घायल अवस्था में अपने घर की तरफ ऊपर को भागी। बेटी की चीख-पुकार सुनकर गेट खोलने गए, तभी आरोपित आकाश ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट की।

पीड़ित के अनुसार, चीख- पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। घायल महिला को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर देर रात को पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की। मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी