home page

पति ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट

 | 
पति ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट


गाजियाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की गली नंबर-तीन में आज तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रहना वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी, जबकि 14 वर्षीय दूसरी बेटी इस घटना में गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच जुट गई, आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ शुरू कर दी है।

इंदिरापुरम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्य बली मौर्य ने बताया कि जांच में सामने आया कि मूलरूप से अररिया, बिहार निवासी राजा अंसारी लोकप्रिय बिहार में स्थित एक मकान के चौथी मंजिल पर अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों सना तबस्सुम (15) व रूबी तबस्सुम (14) के साथ रहता था। किसी बात को लेकर उसकी अपनी पत्नी और बच्चों से विवाद हुआ। उसने धारदार हथियार से हमला कर अपनी पत्नी और दो बेटियों को घायल कर दिया। उनके अनुसार, इस वारदात में बीबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि रूबी तबस्सुम घायल है। उसकी उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस ने आरोपित राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपित ने फरसा और चाकू से हमला कर उक्त घटना को अंजाम दिया है। वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं अपने घर के बाहर बैठा रहा। उन्होंने बताया कि वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता है। उसने शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी की वजह से तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से भी जूझ रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी