अनूपपुर: स्टेशन पर जीआरपी ने चोरी के 7 मोबाइलों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
अनूपपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गुरुवार को जीआरपी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को 7 चोरी के मोबाइलों के साथ गिरफ्तार किया है। मोबाइलों की कीमत करीब 79 हजार रुपए बताई जा रही है। जो बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।
जीआरपी चौकी प्रभारी पीएस कुलस्ते ने बताया कि पुलिस टीम 15 अगस्त की सुरक्षा को लेकर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर चेकिंग चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक युवक काले रंग का पिट्टू बैग लिए संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह भागने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भारत लाल यादव (20 साल), निवासी सकारिया, अनूपपुर बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के 7 मोबाइल फोन मिले।
आरोपी ने बताया कि वह अपना खर्चा चलाने के लिए मोबाइल चोरी करता था और ग्राहक मिलते ही उन्हें कम दाम में बेच देता था। पूछताछ में सामने आया कि वह इन 6 मोबाइलों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। जीआरपी ने अनूपपुर कोतवाली पुलिस से भी गुम हुए मोबाइलों की शिकायतों का मिलान कर उनके मालिकों को सूचना देने को कहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

