जींद : दो बच्चियों पर फायरिंग करने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 03 मार्च (हि.स.)। सफीदों सीआईए पुलिस ने लगभग पांच माह पहले सफीदों में दो मासूम बच्चियों पर हुई फायरिंग के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में बच्चियों के पिता नौशाद और चाचा साहिल को गिरफ्तार किया है। रंजिश का बदला लेने के लिए दोनों ने षडय़ंत्र रचा था। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा ने मंगलवार काे पत्रकारों से बातचीत में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले साल 18 अगस्त की रात को आदर्श कॉलोनी सफीदों में तरन्नुम और जसमीन नाम की दो सगी बहनों को घर में सोते समय फायरिंग की सूचना मिली थी। बच्चियों के दादा नूर हसन के बयान पर पुलिस ने पड़ोस के ही सोनू अब्जा और उसके साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुरानी रंजिश और तीन लाख रुपये के दबाव के कारण सोनू अब्जा ने प्लास्टिक के दरवाजे को तोड़ कर अंदर सो रही बच्चियों पर गोलियां चलवाई थी। शुरुआती जांच में नामजद आरोपितों के खिलाफ पुलिस को कोई ठोस सबूत नही मिले थे। जिसके बाद मामला सीआईए स्टाफ सफीदों को सौंपा गया। सीआईए सफीदों की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर गहनता से जांच पर पुलिस ने नौशाद (पिता) और साहिल (चाचा) को जांच में शामिल करते हुए पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपित नौशाद ने अपने विरोधियों सोनू अब्जा को झूठे मुकद्में में फंसाने और उन पर दबाव बनाने के लिए यह साजिश रची थी। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

