home page

मुरैना: वन आरक्षक का हत्यारा चालक पुलिस ने गुजरात से पकड़ा

 | 
मुरैना: वन आरक्षक का हत्यारा चालक पुलिस ने गुजरात से पकड़ा


मुरैना, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में वन आरक्षक की ट्रेक्टर ट्राली से हत्या कर फरार हुये 10 हजार रूपये के इनामी चालक विनोद कोरी को पुलिस ने अहमदाबाद में पकड़ लिया। इसे पुलिस हिरासत में मुरैना लाया जा रहा है। घटना को लेकर चालक से पुलिस द्वारा पूछताछ कर न्यायालय में पेश किया जायेगा।

सोमवार को मुरैना पुलिस को वन आरक्षक की हत्या मामले में बड़ी राहत मिली है। इस घटना के दो आरोपी पूर्व में ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिये हैं। तीसरे व मुख्य आरोपी विनोद कोरी के पकड़े जाने से इस मामले की जांच अंतिम बिंदू तक पहुंचाने के लिये तेज गति से कार्य करेगी।

आज उच्चतम न्यायालय में इस घटना को लेकर दो सदस्यीय पीठ द्वारा लिये गये संज्ञान पश्चात सुनवाई दोपहर बाद की जाएगी। जिले के दिमनी थाना क्षेत्रान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 552 के रानपुर तिराहे पर 8 अप्रैल की सुबह रेत से भरे ट्रेक्टर ट्राली के चालक ने वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर को कुचल दिया था। जिससे मौके पर ही आरक्षक की मौत हो गई थी।

चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। वन कर्मचारियों की शिकायत पर से हत्या का मामला दर्ज करने के बाद फरार चालक तथा वाहन मालिकों की तलाश शुरू की थी। पुलिस द्वारा वाहन चालक पर 10 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। ट्रेक्टर ट्राली के दोनों मालिक सोनू चौहान तथा पवन तोमर पहले ही पकड़े जा चुके हैं। पुलिस को विनोद कोरी की गुजरात के अहमदाबाद में छिपे होने की सूचना मिली थी। बीती रात सूचना स्थल से मुरैना पुलिस ने विनोद कोरी को हिरासत में लिया। आज सुबह पुलिस दल विनोद कोरी के साथ मुरैना रवाना हो गया है।

मुरैनाअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर का कहना है कि वाहन चालक विनोद कोरी को न्यायालय में पेश किया जायेगा, वहां से घटना के विभिन्न बिंदुओं पर जांच के लिये रिमांड लेने के बाद पूछताछ की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा