home page

सिरसा: घरेलू कलह के चलते दंपती ने निगला जहर, पति की मौत

 | 

सिरसा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव चौटाला में घरेलू कलह के चलते बुधवार रात एक दंपती ने जहर निगल लिया, जिससे पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव का डबवाली के नागरिक अस्पताल में गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

मृतक सुभाष परिवार सहित चौटाला की ढाणी में रहता था और चुन्नी राम के खेत में काम करता था। बताया जा रहा है कि सुभाष व उसकी पत्नी के बीच बुधवार रात झगड़ा हुआ। कलह से क्षुब्ध होकर दोनों ने जहर निगल लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। सुभाष का बेटा पड़ोसी के घर गया और घटना की जानकारी दी। पड़ोसी रोहताश ने खेत मालिक व पुलिस को घटना से अवगत करवाया। पुलिस व खेत मालिक मौके पर पहुंचे तो तब तक सुभाष की मौत हो चुकी थी, जबकि बेहोशी की हालत में सुभाष की पत्नी को उपचार के लिए निकटवर्ती संगरिया के अस्पताल में पहुंचाया गया। सुभाष के शव को डबवाली के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि सुभाष के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे व एक बेटी है। डबवाली सदर थाना प्रभारी ने बताया कि सुभाष की मौत हो गई है, जबकि उसकी पत्नी का उपचार चल रहा है। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma